छत्तीसगढ़

मत्स्य पालकों एवं किसानों को मछलीपालन हेतु 07 करोड़ 25 लाख से अधिक मत्स्य बीज उपलब्ध

  • जिले में मत्स्य बीज उत्पादन लक्ष्य पूर्ण होने के करीब

जगदलपुर, जिले में मत्स्यपालन गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा मत्स्यपालकों एवं किसानों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में मत्स्य विभाग द्वारा लगातार कार्य किया जा रहा है। जिले में अब तक 07 करोड़ 25 लाख से अधिक मत्स्य बीज का उत्पादन किया जा चुका है, जिससे निर्धारित लक्ष्य पूर्ण होने के करीब पहुंच गया है।

मत्स्य पालकों एवं किसानों को मछलीपालन हेतु 07 करोड़ 25 लाख से अधिक मत्स्य बीज उपलब्ध

उपसंचालक मत्स्यपालन श्री मोहन राणा ने बताया कि जिले में इस वर्ष 09 करोड़ 50 लाख मत्स्य बीज उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके विरुद्ध अब तक 07 करोड़ 25 लाख मत्स्य बीज का उत्पादन किया जा चुका है। जिले के मत्स्यपालकों एवं किसानों को मत्स्य बीज उत्पादन केन्द्र बालेंगा तथा मछली बीज प्रक्षेत्र मोती तालाब पारा जगदलपुर से स्पान एवं अंगुलिका का वितरण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मानसून सीजन प्रारंभ होने के साथ ही मत्स्यपालकों एवं किसानों को मछली बीज वितरण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। ऐसे मौसमी तालाब, जिनमें 07 से 08 माह तक पानी उपलब्ध रहता है, उनमें मछली बीज स्पान संवर्धन योजना के तहत फ्राई एवं अंगुलिका तैयार कर अन्य किसानों को उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। इस योजना के अंतर्गत अब तक 13 मत्स्यपालकों को 03 करोड़ 25 लाख मत्स्य बीज वितरित किया जा चुका है, जो आगामी दिनों में स्पान से फ्राई एवं अंगुलिका तैयार कर अन्य मत्स्यपालकों एवं किसानों को मत्स्य बीज उपलब्ध करवाएंगे।
उपसंचालक श्री राणा ने बताया कि इस वर्ष मत्स्यपालकों एवं किसानों के साथ-साथ मछुआ सहकारी समितियों तथा महिला स्व-सहायता समूहों को भी उपलब्ध जल क्षेत्रों का लीज प्रदाय किया गया है। इससे जिले में अधिकाधिक मछली उत्पादन की संभावना बढ़ी है, साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं आय के नए अवसर भी सृजित होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button