छत्तीसगढ़

दुबई से संचालित ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई, सोनू फतनानी सहित तीन आरोपित गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है।

 

पुलिस ने दुबई से संचालित बताए जा रहे ऑनलाइन “नसीब बुक” सट्टा संचालित करने वाले फरार सटोरिए सोनू फतनानी के भाई राहुल फतनानी समेत कुल तीन आरोपितों को पुलिस ने रविवार काे तिल्दा से गिरफ्तार किया है। आराेपित राहुल फतनानी पर सट्टे के करोड़ों रुपये के लेन-देन को मैनेज करने का आरोप है।

 

रायपुर पुलिस कमिश्नर डाॅ. संजीव कुमार शुक्ला एवं अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले द्वारा सभी अधिकारियों को आईपीएल के दौरान क्रिकेट सट्टा पर कार्यवाही करने निर्देशित किया गया है।

 

रायपुर क्राइम ब्रांच पुलिस ने साेमवार शाम काे प्रेस काॅन्फ्रेंस में बताया कि क्राइम ब्रांच लंबे समय से आरोपितों की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी।

 

जांच में सामने आया कि आरोपित ऑनलाइन सट्टे से जुड़े आर्थिक लेन-देन, खातों के संचालन और रकम के ट्रांसफर का काम संभाल रहे थे। कार्रवाई के दौरान तिल्दा क्षेत्र से तीनों आरोपितों को हिरासत में लिया गया।

 

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से करीब 9 लाख रुपये नकद, कई मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस तथा करोड़ों रुपये के हिसाब-किताब से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं।

 

जब्त मोबाइल और डिजिटल उपकरणों की फॉरेंसिक जांच की जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि तिल्दा स्थित वार्ड क्रमांक 5 में आरोपित राहुल फतनानी का आलीशान बंगला निर्माणाधीन है।

 

पुलिस को आशंका है कि ऑनलाइन सट्टे से अर्जित रकम को अचल संपत्तियों में निवेश किया गया है। मामले में पूर्व में गिरफ्तार सटोरिए बब्बन लालवानी से भी आरोपितों के संबंध बताए जा रहे हैं।

 

इधर, ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का मुख्य संचालक बताए जा रहे सोनू फतनानी की तलाश जारी है। पुलिस की विभिन्न टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में कई अन्य नामों का खुलासा हो सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button