छत्तीसगढ़

मारुति फाउंडेशन-हेरिटेज इंडिया की पहल: एक मंच पर चमकी दिव्यांग और सामान्य बच्चों की प्रतिभा

रायपुर (छ.ग.) | मारुति फाउंडेशन-हेरिटेज इंडिया के तत्वावधान में राजधानी स्थित सिटी सेंटर मॉल में शनिवार को आयोजित ‘इंडियन गॉट टैलेंट प्रतियोगिता’ दिव्यांग और सामान्य बच्चों की प्रतिभाओं के अनूठे संगम की साक्षी बनी। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। प्रतियोगिता में 6 से 15 वर्ष एवं 15 से 25 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने नृत्य, गायन, संगीत और रैंप वॉक के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। आयोजन समिति की अध्यक्षा मेघा तिवारी ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को उचित मंच और अवसर प्रदान कर उनकी क्षमताओं को समाज के सामने लाना ही इस आयोजन का उद्देश्य है।

मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्षा डॉ. वर्णिका शर्मा ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि यह अपने आप में एक अभिनव और अलग तरह का कार्यक्रम है, जहां दिव्यांग और सामान्य बच्चों को एक समान मंच प्रदान कर उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ समाज में समावेशिता और संवेदनशीलता का संदेश भी देते हैं।

विशिष्ट अतिथि आकाश तिवारी ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के व्यक्तित्व विकास के साथ उनकी रचनात्मक क्षमता को भी नई दिशा देते हैं। मंच पर मिलने वाला प्रोत्साहन उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा प्रदान करता है। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में छत्तीसगढ़ आइडल-2009 एवं ‘वॉइस ऑफ कैलाश खेर’ के रूप में प्रसिद्ध संदीप राव, स्नेहा पांडेय तथा सीमा छाबड़ा शामिल रहीं।

इस आयोजन में इट्सा हॉस्पिटल सिल्वर एवं सपोर्टिंग पार्टनर के रूप में सहभागी रहा। शहर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों सहित विशेष रूप से अर्पण पब्लिक स्कूल के दिव्यांग बच्चों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। कार्यक्रम का संचालन सरिता झा ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button