पावर, पैशन और क्लास… ICC चेयरमैन जय शाह ने बताया क्यों इस बार का वुमेंस T20 वर्ल्ड कप था सबसे खास?

ICC Women’s T20 World Cup 2026 समाप्त हो चुका है। इसका फाइनल मुकाबला ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच लंदन के लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया, जिसमें ऑस्ट्रेलिया की टीम ने बाजी मारी। कंगारू टीम ने रिकॉर्ड सातवीं बार इस खिताब को अपने नाम किया। इस टूर्नामेंट के आयोजन से आईसीसी के चेयरमैन जय शाह बहुत ज्यादा खुश नजर आए और उन्होंने इस टूर्नामेंट को सबसे खास बताया। इसके पीछे की वजह भी आईसीसी के टॉप अधिकारी ने बताई है।
आईसीसी के चेयरमैन जय शाह ने वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी ऑस्ट्रेलिया की टीम की कप्तान सोफी मोलिनेक्स को सौंपी, जिन्होंने इंग्लैंड को दूसरा टाइटल नहीं जीतने दिया। 151 रनों का टारगेट ऑस्ट्रेलिया की टीम ने बेथ मूनी की दमदार 64 रनों की पारी के दम पर 17.1 ओवर में हासिल कर लिया। ऑस्ट्रेलिया की जीत के बाद ICC चेयरमैन जय शाह ने कहा कि महिला क्रिकेट अपने सुनहरे दौर में है और यह टूर्नामेंट इस बात की याद दिलाता है कि इस खेल को क्यों नज़रअंदाज नहीं किया जा सकता, क्योंकि इसमें पावर, पैशन और क्लास देखने को मिलता है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें, भले ही ऑस्ट्रेलिया का दबदबा विमेंस क्रिकेट में है, लेकिन कई और टीमें भी अब दम दिखा रही हैं। हालांकि, बड़े मंच पर अभी भी ऑस्ट्रेलिया को कोई जवाब किसी टीम के पास नहीं है। फिर चाहे बात टीम इंडिया की हो, इंग्लैंड की हो, न्यूजीलैंड की हो या फिर वेस्टइंडीज की। लगातार 5 मैच ऑस्ट्रेलिया ने ग्रुप फेज में जीते, सेमीफाइनल जीता और फाइनल भी जीतकर सातवीं बार इस खिताब को अपने नाम किया। एक-एक खिताब इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड के पास है। भारतीय टीम भी ऑस्ट्रेलिया के सामने फीकी नजर आती है। भारत के पास तो एक भी आईसीसी का टी20 वर्ल्ड कप टाइटल नहीं है, जो दर्शाता है कि ऑस्ट्रेलिया कितनी खतरनाक टीम है।




