छत्तीसगढ़

भाजपा विधायक रेणुका सिंह का बेटा हिट एंड रन में गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर में हुए हिट एंड रन मामले में पुलिस ने पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं वर्तमान भाजपा विधायक रेणुका सिंह के बेटे लक्की सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र के अग्रसेन धाम चौक के पास हुए सड़क हादसे से जुड़ा है, जिसमें बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज अस्पताल में जारी है।

पुलिस के अनुसार, रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 1.30 बजे नगर निगम कर्मचारी राजनारायण ठाकुर का छोटा भाई त्रिभुवन सिंह ठाकुर, जो पेशे से डीजे ऑपरेटर है, कार्यक्रम से लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि त्रिभुवन बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरा। उसके सिर में गंभीर चोट आई और सिर फट गया।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के वक्त कार की रफ्तार काफी तेज थी और वाहन लहराते हुए चल रहा था। दुर्घटना के बाद चालक ने कार रोकने के बजाय मौके से फरार होना उचित समझा। आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर उसकी जान बचाने की कोशिश कर रहे हैं।

जांच में सामने आया कि दुर्घटना में शामिल कार जय प्रकाश उपाध्याय, निवासी रामानुजगंज (सरगुजा) के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस के मुताबिक, घटना के समय कार में विधायक रेणुका सिंह का बेटा लक्की सिंह, दो युवतियां और अन्य लोग समेत कुल पांच सवार थे। कार नंबर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना के बाद यह चर्चा भी सामने आई कि आरोपी को थाने लाकर छोड़ दिया गया था, जिस पर सवाल उठे और बवाल मच गया। हालांकि, दो दिन बाद तेलीबांधा थाना पुलिस ने साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और तकनीकी जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए लक्की सिंह को हिट एंड रन मामले में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button