7 करोड़ का घोटाला… तेंदूपत्ता संग्राहकों तक नहीं पहुंचा पैसा : EOW बोली- DFO-अफसरों ने साठगांठ कर बोनस की रकम रख ली, 4 वनकर्मी समेत 11 अरेस्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ईओडब्ल्यू) की टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। टीम ने तेंदूपत्ता बोनस गबन मामले में 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। प्रदेश में करोड़ों का बोनस गबन किया है जिसकी जांच के बाद आरोपियों पर यह कार्रवाई हुई है। अधिकारियों ने बताया कि सुकमा वन मंडल के तत्कालीन वन मंडल अधिकारी (डीएफओ) अशोक कुमार पटेल ने कथित तौर पर अपने पद का दुरुपयोग किया। इस गबन में वन विभाग के अधिकारियों की भी संलिप्तता रही। आरोपियों ने सुकमा में विभिन्न प्राथमिक लघु वनोपज समितियों के

प्रबंधकों और पदाधिकारियों के साथ मिलीभगत कर गबन को अंजाम दिया।
संग्राहकों को वितरित होना थी राशि
जिन 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने मिलीभगत कर लगभग सात करोड़ रुपये का बड़ा हिस्सा हड़प लिया। इस राशि को वर्ष 2021 और 2022 के लिए तेंदूपत्ता संग्राहकों को पारिश्रमिक के रूप में वितरित किया जाना था। लेकिन उससे पहले ही गबन कर लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि गबन की गई राशि का एक हिस्सा कथित तौर पर कुछ निजी व्यक्तियों को भी दिया गया था।
ईओडब्ल्यू की कार्रवाई में 11 गिरफ्तार
बोनस गबन मामले की जांच के दौरान ईओडब्ल्यू ने 17 अप्रैल 2025 को अशोक कुमार पटेल को गिरफ्तार कर लिया था। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच के दौरान ईओडब्ल्यू ने गुरुवार को चार वनकर्मियों और सात प्रबंधकों को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने बताया कि जांच एजेंसियों की इस मामले की जांच अभी भी जारी है