छत्तीसगढ़

स्वामी विवेकानंद की जयंती पर स्वदेशी संकल्प दौड़, आत्मनिर्भर भारत का लिया संकल्प

अंबिकापुर । स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा सरगुजा द्वारा प्रदेश भाजपा एवं केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर सोमवार को स्वदेशी संकल्प दौड़ का आयोजन किया गया। यह दौड़ मल्टीपरपज स्कूल ग्राउंड, अंबिकापुर से प्रारंभ होकर घड़ी चौक स्थित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ संपन्न हुई। पूरे मार्ग में युवाओं में राष्ट्रभक्ति, स्वदेशी के प्रति समर्पण और फिटनेस को लेकर उत्साह साफ नजर आया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर वक्ताओं ने स्वामी विवेकानंद के विचारों को आज के युवाओं के लिए मार्गदर्शक बताते हुए स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को दोहराया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक हेमंत नाग ने कहा कि स्वामी विवेकानंद केवल एक संत नहीं, बल्कि युवाओं के लिए ऊर्जा, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण के प्रतीक हैं। उन्होंने विवेकानंद के प्रसिद्ध कथन “उठो, जागो और तब तक नहीं रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए” का उल्लेख करते हुए कहा कि यही मंत्र युवाओं को आत्मनिर्भर, सक्षम और राष्ट्रभक्त बना सकता है। उन्होंने कहा कि रन फॉर स्वदेशी केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि विचारों की दौड़ है, जो स्वदेशी मूल्यों, राष्ट्रीय स्वाभिमान और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करती है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा सरगुजा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा, चरित्र निर्माण और युवाओं के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि यदि आज का युवा विवेकानंद के विचारों को आत्मसात कर ले तो भारत को विश्व गुरु बनने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने स्वदेशी संकल्प दौड़ को युवाओं को शारीरिक, मानसिक और वैचारिक रूप से सशक्त बनाने वाला अभियान बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन आत्मनिर्भर भारत के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। साथ ही उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे केवल उपभोक्ता नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माता बनकर स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत के अभियान को आगे बढ़ाएं।

कार्यक्रम में सरगुजा संभाग के भाजयुमो जिला पदाधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा एवं छात्र-छात्राएं शामिल हुए। मंच संचालन रविन्द्रगुप्त भारती ने किया। इस अवसर पर नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी सहित भाजपा और भाजयुमो के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और आत्मनिर्भर भारत के प्रति संकल्प को और मजबूत किया

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button