टीम इंडिया क्यों बनी T20 वर्ल्ड कप की सरताज? शाहिद अफरीदी ने किया एक्सपर्ट एनालिसिस

भारत ने पूरे दबदबे के साथ टी20 विश्व कप 2026 का खिताब अपने नाम किया। टीम इंडिया ने जिस अंदाज में वर्ल्ड कप खेला, उसकी दुनियाभर में जबरदस्त तारीफ हो रही है। यहां तक कि पाकिस्तान के कई क्रिकेट एक्सपर्ट और पूर्व क्रिकेटर टीम इंडिया का गुणगान कर रहे हैं। पूर्व ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी भी टीम इंडिया के कायल हो चुके हैं। उन्होंने भारत के लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने की असल वजहों का विश्लेषण किया है।
दक्षिण अफ्रीका से हार के बाद भारत का खतरनाक अवतार
पूरे टूर्नामेंट में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक सुपर 8 मुकाबले को छोड़कर टीम ने हर मैच में विपक्षी टीम को चारों खाने चित किया। उस एक हार ने तो जैसे टीम इंडिया के सोए शेरों को जगा दिया था। उसके बाद तो वर्चुअल क्वार्टरफाइनल सरीखे वेस्टइंडीज मैच में टी20 विश्व कप के इतिहास का अपना सबसे बड़ा सफल रन चेज करके दिखा दिया। इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल आया तो पहले बल्लेबाजी करते हुए 250+ रन कूट डाले।
फाइनल में तो टीम और भी खतरनाक अवतार में दिखी। 250+ रन तो कूटा ही, जसप्रीत बुमराह की अगुआई में भारतीय गेंदबाजों ने सुनिश्चित किया कि न्यूजीलैंड उस अंदाज में रन चेज न कर पाए जिस अंदाज में सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने किया था। 7 रन से सेमीफाइनल जीतने वाली टीम इंडिया ने 96 रन से फाइनल जीता।
अफरीदी ने बेंच स्ट्रेंथ की तारीफ की
शाहिद अफरीदी ने एक्स पर पोस्ट अपने एक वीडियो में कहा, ‘वर्ल्ड कप खत्म हो चुका है। मुझे लगता है कि भारतीय टीम खिताब की हकदार थी ही। उनके पास जबरदस्त टीम कॉम्बिनेशन है। बेंच पर बैठने वाले खिलाड़ी भी उतने ही अच्छे हैं जितनी प्लेइंग इलेवन है। इसीलिए मैं कहता हूं कि आपकी बेंच मजबूत होनी चाहिए। भारत की बेंच बहुत मजबूत थी। वे उनमें से किसी को भी चुन सकते थे और सीधे प्लेइंग इलेवन में रख सकते थे। उन्होंने पूरा टूर्नामेंट चैंपियन की तरह खेला।’
शाहिद अफरीदी अक्सर भारत के खिलाफ जहर उगलने के लिए कुख्यात रहे हैं। इस वजह से उनका एक्स अकाउंट भारत में प्रतिबंधित है। उनके अकाउंट पर वो वीडियो तो भारत से नहीं देखा जा सकता कि तमाम दूसरे एक्स यूजर ने उस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जिसे देखा जा सकता है।
संजू सैमसन, जसप्रीत बुमराह पर लट्टू हुए अफरीदी
वीडियो में अफरीदी टी20 विश्व कप के प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट संजू सैमसन पर लट्टू होते नजर आ रहे हैं। वह कहते हैं, ‘संजू सैमसन शानदार रहे। उन्हें मौका मिला और उन्होंने सोचसमझकर हिट किया और पारी खड़ी की। अभिषेक शर्मा ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। ईशान किशन ने भी जबरदस्त खेला, वैसे ही जैसे उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ खेला था। जसप्रीत बुमराह तो उनकी गेंदबाजी की रीढ़ है जो अपने दमदार प्रदर्शनों की बदौलत लंबे समय से भारत की उम्मीदें पूरी कर रहे हैं। चाहे नई गेंद हो या पुरानी, धीमी गेंद हो या यॉर्कर, मेरी राय में वह सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में से एक हैं।’
न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में सिर्फ 15 रन देकर 4 विकेट चटकाए। इस धांसू प्रदर्शन की बदौलत वह प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।




