छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले की रामानुजगंज विधानसभा में एक बार फिर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।

बलरामपुर। कांग्रेस से निष्कासित पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह ने लंबे अंतराल के बाद क्षेत्र में सक्रियता बढ़ा दी है। वे इन दिनों बलरामपुर जिले के विभिन्न गांवों का दौरा कर रहे हैं, जिससे स्थानीय राजनीति में नए समीकरण बनने की चर्चा शुरू हो गई है।
बृहस्पति सिंह आज सोमवार रामानुजगंज स्थित मां महामाया मंदिर पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं के साथ पूजा-अर्चना करने के बाद विभिन्न गांवों के दौरे पर निकले। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बृहस्पति सिंह 2028 के विधानसभा चुनाव में रामानुजगंज सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतर सकते हैं। हालांकि उन्होंने इस संबंध में अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन उनकी बढ़ती गतिविधियां साफ संकेत दे रही हैं कि आने वाले समय में रामानुजगंज की राजनीति एक बार फिर गर्म होने वाली है।




