स्वच्छ आहार थीम पर मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर स्थित कैंटीन व केटरिंग स्टाल पर पहुंचा दस्ता

रायपुर । भारतीय रेलवे द्वारा “स्वच्छ रेल – स्वच्छ भारत” अभियान के अंतर्गत 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक “स्वच्छता पखवाड़ा” मनाया जा रहा है। इस पखवाड़े के दौरान दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर मंडल में प्रत्येक दिवस निर्धारित थीम के अनुरूप विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में गुरुवार को “स्वच्छ आहार दिवस” थीम पर मंडल के अंतर्गत सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर स्थित कैंटीनों, खाद्य स्टॉलों में स्वच्छता, खाद्य गुणवत्ता एवं समुचित सफाई की गहन जांच की गई। इस अवसर पर मंडल के नामित अधिकारियों एवं वाणिज्य विभाग के पर्यवेक्षकों द्वारा सभी प्रमुख स्टेशनों पर संचालित कैंटीनों व स्टालों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, उचित भंडारण एवं वास्तविक मूल्य पर बिक्री की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
साथ ही, स्टेशनों पर संचालित कैंटीनों एवं स्टालों के आस-पास सफाई व्यवस्था, बर्तनों की स्वच्छता, कचरा निपटान प्रणाली, सूखे एवं गीले कचरे के पृथक्करण हेतु डस्टबिन की उपलब्धता सुनिश्चित की गई। खाद्य विक्रेताओं, रसोइयों एवं कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता, यूनिफॉर्म की साफ-सफाई एवं चिकित्सा प्रमाण-पत्रों की वैधता की भी जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उचित मूल्य पर उपलब्ध हो। सभी कैंटीन संचालकों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने कार्यस्थलों पर स्वच्छता एवं हाइजीन मानकों का निरंतर पालन करें तथा यात्रियों को स्वच्छ वातावरण में सेवा प्रदान करें।




