छत्तीसगढ़

उत्तर-मध्य छत्तीसगढ़ में फिर बढ़ी कड़ाके की ठंड, 14 जिलों में शीतलहर का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर कड़ाके की ठंड लौटने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने 17 जनवरी को उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो इलाकों में शीत लहर चलने की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही प्रदेश के 14 जिलों में ठंड का असर ज्यादा रहने की संभावना जताई गई है। इनमें कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, सरगुजा, जशपुर, कबीरधाम, बेमेतरा, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बालोद, दुर्ग और रायपुर जिले शामिल हैं।

 

मौसम विभाग के अनुसार, बीते कुछ दिनों से दिन और रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी, जिससे लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली थी। हालांकि शुक्रवार की रात से न्यूनतम तापमान में फिर तेजी से गिरावट आने की संभावना है। इसके चलते सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ेगी, जबकि दिन में हल्की राहत मिल सकती है।

 

प्रदेश में सबसे ठंडा इलाका अंबिकापुर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से करीब 5 डिग्री कम है। वहीं माना एयरपोर्ट पर न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री और दुर्ग में 9.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दूसरी ओर, सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज हुआ।

 

राजधानी रायपुर में भी सुबह और रात के समय ठंड तेज रहने का अनुमान है। शनिवार सुबह हल्की धुंध छाए रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री के आसपास रह सकता है। हवा की रफ्तार कम रहने से ठंड का असर ज्यादा महसूस होगा।

 

मौसम विभाग ने लोगों को सुबह-शाम सतर्क रहने और ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी है। खासकर बुजुर्गों और बच्चों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है, क्योंकि अगले कुछ दिनों तक शीत लहर का असर बना रह सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button