छत्तीसगढ़ में भारतमाला परियोजना से जुड़े कथित भ्रष्टाचार को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की बड़ी कार्रवाई जारी है। रायपुर–विशाखापत्तनम इकोनॉमिक कॉरिडोर के लिए अधिग्रहित ज़मीन के मुआवज़ा भुगतान में गड़बड़ियों की जांच के तहत रायपुर और महासमुंद में एक साथ 9 ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई हरमीत खनूजा, उनके सहयोगियों, संबंधित अधिकारियों और ज़मीन मालिकों से जुड़े ठिकानों पर हो रही है। ED को मुआवज़ा निर्धारण और भुगतान प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं का शक है।
महासमुंद में मेघ बसंत कॉलोनी और पंजाबी पारा स्थित दो घरों पर रेड की गई है। टीम दस्तावेज़ों, लेन-देन और डिजिटल डेटा की गहन जांच कर रही है।
फिलहाल ED की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। वहीं जांच के बाद बड़े खुलासों की संभावनाएं जताई जा रही हैं।