छत्तीसगढ़

रायपुर में ड्रंक ड्राइविंग पर बड़ा एक्शन: एक ही रात में 159 चालकों पर कार्रवाई, रिकॉर्ड टूटा

 

सड़क दुर्घटना से होने वाली जान-माल की क्षति को रोकने के उद्देश्य और जिम्मेदारी के साथ यातायात पुलिस, रायपुर कमिश्नरेट की सख्त कार्रवाई — एक ही रात में *159 नशे में वाहन चलाने वाले चालकों पर कार्यवाही*

सड़क पर एक छोटी-सी लापरवाही कई परिवारों की खुशियाँ छीन सकती है। इसी संवेदनशील जिम्मेदारी को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस, रायपुर कमिश्नरेट द्वारा दिनांक 29 मार्च को देर रात शहर के 08 विभिन्न स्थानों पर विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह विशेष अभियान पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त, यातायात एवं प्रोटोकॉल श्री विकास कुमार के मार्गदर्शन में सभी यातायात थाना प्रभारी द्वारा अपनी टीम के साथ संचालित किया गया। इस दौरान मात्र 3–4 घंटे की कार्रवाई में 159 वाहन चालक नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए, जो अब तक एक ही अभियान में की गई सर्वाधिक कार्रवाई है। इससे पहले एक अभियान में अधिकतम 154 प्रकरण दर्ज किए गए थे।

वर्ष 2026 में अब तक नशे में वाहन चलाने के विरुद्ध कुल 1,580 प्रकरणों में कार्रवाई की जा चुकी है, जो कि वर्ष 2025 में पूरे वर्ष दर्ज 1,537 प्रकरणों से भी अधिक है। यह केवल आंकड़े नहीं हैं, बल्कि सड़क पर संभावित दुर्घटनाओं को रोकने की दिशा में एक सतत प्रयास का संकेत हैं।

यातायात पुलिस स्पष्ट रूप से बताना चाहती है कि इस प्रकार की कार्रवाई *किसी आंकडा को पूरा करने के लिए नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करने के लिए की जाती है कि कोई भी व्यक्ति नशे की अवस्था में वाहन न चलाए। हमारा उद्देश्य चालान करना नहीं, बल्कि दुर्घटनाओं को रोकना, गंभीर चोटों से बचाना और अनमोल जीवन सुरक्षित रखना है।*

🚦सड़क सुरक्षा हेतु महत्वपूर्ण सलाह :
• शराब या किसी भी नशीले पदार्थ के सेवन के बाद वाहन बिल्कुल न चलाएं।
• आवश्यकता होने पर वैकल्पिक परिवहन (कैब, ऑटो, मित्र/परिवार की सहायता) का उपयोग करें।
• दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से लगाएं।
• तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाने से बचें।
• रात्रि के समय विशेष सावधानी बरतें ।
• नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति न दें।
• ट्रैफिक नियमों का पालन करें।

यातायात पुलिस द्वारा निरंतर इसी प्रकार नियमित एवं आकस्मिक चेकिंग अभियान जारी रखे जाएंगे । नागरिकों से अपील है कि वे स्वयं नियमों का पालन करें तथा सुरक्षित, जिम्मेदार और संवेदनशील यातायात संस्कृति के निर्माण में सहयोग प्रदान करें — क्योंकि सुरक्षित यात्रा ही सुरक्षित जीवन की पहली शर्त है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button