
छत्तीसगढ़ के जशपुर में शर्मनाक घटना सामने आई है। जिले में विशेष जनजाति की नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आठ युवकों को हिरासत में ले लिया है। इस मामले में पंचायत बैठाकर रफा-दफा करने की भी कोशिश भी हुई। घटना नारायणपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस से शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपनी बड़ी बहन के साथ रिश्तेदार के घर से वापस अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में पिकनिक मनाकर लौट रहे कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि दो युवकों ने दोनों बहनों को जबरन पकड़ लिया। विरोध के बावजूद आरोपियों ने उन्हें नहीं छोड़ा। घटना के दौरान पीड़िता की बड़ी बहन किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर भागने में सफल रही।
बताया जा रहा है कि यह घटना 17 फरवरी की है। घटना के बाद गांव में एक बैठक बुलाई गई, जिसमें मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की गई। आरोपियों के पक्ष ने पीड़िता के परिवार और साथ देने वालों पर दबाव बनाने और उन्हें धमकाने का प्रयास किया। हालांकि, समाज के कुछ जागरूक लोगों ने इस मामले को पुलिस तक पहुंचाया।
सूचना मिलते ही जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। नारायणपुर थाना में पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मामले में आठ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण भी कराया गया है।
इस मामले पर जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक राकेश पाटनवार ने बताया कि नारायणपुर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं 137, 87, 96, 64, 65(1), 70(1), 70(2), 127(2), 351(2) के तहत और पॉक्सो एक्ट की धारा 5 व 6 के तहत मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गांव में हुई बैठक में किन लोगों ने मामले को दबाने की कोशिश की थी।




