कोरबा । बिलासपुर-उरगा भारतमाला हाईवे पर बदमाशों ने एक युवक को बेरहमी से पीटा। उन्होंने युवक से मोबाइल, नगदी और कान की बाली लूट ली। बदमाशों ने जबरन फोन पे के माध्यम से भी रकम ट्रांसफर कराई। युवक को अधमरा समझकर बदमाश मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा 23 नवंबर की शाम सुनसान सड़क पर बदमाश लूट की नियत से वहां पहले से मौजूद थे। पैसे-मोबाइल लूटे बावजूद इसके युवक को इतना मारा कि वह बेहोश हो गया था। किसी तरह होश आने के बाद वह अस्पताल पहुंचा। युवक के शरीर के कई अंगों में गंभीर चोट पहुंची है। पीड़ित युवक का नाम प्रितेश मिर्झा (28) है, जो मोतीसागर पारा का रहने वाला है और एलआईपीएल नामक कंपनी में कार्यरत है। यह घटना 23 नवंबर शाम करीब 6 बजे की है, जब प्रितेश पंतोरा से अपने घर लौट रहा था। तभी तरदा के पास भारतमाला हाईवे पर 5-6 युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। बदमाशों ने प्रितेश से रुपयों की मांग की। जब उसने पैसे न होने की बात कही, तो उन्होंने गाली-गलौज करते हुए हाथ, मुक्के, लाठी-डंडों और बेल्ट से उसकी पिटाई शुरू कर दी। डरकर प्रितेश ने अपने पास मौजूद नगदी और फोन पे से रकम ट्रांसफर कर दी। बदमाशों ने उसके कान से सोने की बाली भी छीन ली। सामान लूटने के बाद भी बदमाशों ने प्रितेश की पिटाई जारी रखी, जिससे वह बेहोश होकर सड़क पर गिर गया। उसे मृत समझकर बदमाश मौके से भाग निकले। करीब आधे घंटे बाद होश आने पर प्रितेश किसी तरह पास के टोल प्लाजा पहुंचा। टोल प्लाजा पर तैनात सुरक्षा कर्मियों को प्रितेश ने अपनी आपबीती सुनाई। उनकी मदद से उसने अपने परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में प्रितेश को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। जिला अस्पताल चौकी प्रभारी विश्व नारायण चौहान ने बताया कि पीड़ित का बयान दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

बीजापुर । थाना उसूर क्षेत्रान्तर्गत कर्रेगुट्टा पहाड़ में ताड़पाला क्षेत्र में 04 नवंबर 2025 को नवीन सुरक्षा एवं जन-सुविधा कैम्प की स्थापना की गई।
जिले में माओवादियों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही के उद्देश्य से दिनांक 1 नवंबर 2025 को प्रारंभ किये गये माओवादी विरोधी अभियान के तहत् डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा 205, 210 एवं केरिपु 196 की संयुक्त टीमों द्वारा 03/11/2025 को ताड़पाला पहुँचकर जिला पुलिस बल एवं केरिपु के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में उपयुक्त स्थान का चयन किया गया और दिनांक 04/11/2025 को कर्रेगुट्टा पहाड़ पर ताड़पाला क्षेत्र में कैंप की सफलतापूर्वक स्थापना की गई।
दुर्गम भू-भाग, सड़क संपर्क का अभाव, कठिन चढ़ाई, लगातार IED एवं एम्बुश का खतरा व पानी के अभाव जैसे प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद सुरक्षा बलों ने अदम्य साहस और उत्कृष्ट कार्य-दक्षता का परिचय देते हुए निर्धारित स्थल पर कैंप की स्थापना सफलतापूर्वक पूर्ण की है।
यह कदम न केवल सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, बल्कि इस क्षेत्र में माओवादी विरोधी अभियानों की प्रभावशीलता और गति को और अधिक सुदृढ़ करने हेतु एक रणनीतिक पहल भी है।
साथ ही क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए इस कैंप को आगे चलकर जंगल वारफेयर, फील्ड क्राफ्ट एंड टैक्टिक्स एवं अन्य व्यावहारिक प्रशिक्षणों के लिए एक विशेषीकृत प्रशिक्षण केन्द्र के रूप में विकसित किए जाने की योजना है, जिससे सुरक्षा बलों की कार्य क्षमता और भी अधिक सशक्त होगी।
ताड़पाला से छत्तीसगढ़–तेलंगाना सीमावर्ती क्षेत्रों में माओवादियों के विरुद्ध संयुक्त एवं प्रभावी अभियान संचालित किए जाएंगे। कैंप स्थापना के दौरान हेलीकॉप्टर सपोर्ट निरंतर मिलता रहा तथा वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा समय-समय पर स्थापित कैंप पहुँचकर मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कैंप का निरीक्षण करने वाले वरिष्ठ अधिकारीगण
पुलिस महानिदेशक केरिपु, पुलिस महानिदेशक छत्तीसगढ़, , अति0 पुलिस महानिदेशक नक्सल अभियान, अति0पुलिस महानिदेशक केरिपु बल, अति0 पुलिस महानिदेशक केरिपु ऑप्स, पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज जगदलपुर, पुलिस महानिरीक्षक केरिपु छ0ग0 सेक्टर, DIG दंतेवाड़ा रेंज, DIG CRPF बीजापुर, पुलिस अधीक्षक बीजापुर ने समय-समय पर सुरक्षा कैम्प पहुंचकर न सिर्फ सुरक्षा बलों का मनोबल बढ़ाया बल्कि उनके द्वारा जवानों को सामरिक एवं टेक्टिकल दिशा निर्देश भी दिये गए।
11/11/2025 को पुलिस महानिदेशक छत्तीसगढ रायपुर, अति0 पुलिस महानिदेशक केरिपु बल, अति0 पुलिस महानिदेशक, नक्सल अभियान छत्तीसगढ़, IG CG सेक्टर रायपुर, पुलिस महानिरीक्षक विआशा रायपुर कैम्प ताड़पाला पहुचकर जवानों का हौसला अफजाई किये विषम परिस्थितियों में सिमित संसाधन के साथ कैम्प की स्थापना के लिए जवानों को बधाई दिये और जवानों से चर्चा किये ।
दिनांक 20–21 नवंबर 2025 को पुलिस महानिदेशक CRPF, अति0 पुलिस महानिदेशक केरिपु, अति0 पुलिस महानिदेशक ऑप्स केरिपु, अति0 पुलिस महानिदेशक नक्सल अभियान, छ0ग0, IG छ0ग0 सेक्टर केरिपु, DIG CRPF सेक्टर बीजापुर एवं पुलिस अधीक्षक बीजापुर द्वारा ताड़पाला कैंप का दौरा कर जवानों से चर्चा एवं उत्साहवर्धन किये और विषम परिस्थितियों में किए गए उत्कृष्ट कार्य हेतु जवानों को बधाई दी गई । दिनांक 20/11/2025 की रात्रि पुलिस महानिदेशक केरिपु एवं अन्य सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने ताड़पाला कैम्प में जवानों के साथ रात्रि विश्राम कर न केवल उनका मनोबल बढ़ाया, बल्कि अपने स्नेह, विश्वास और अटूट समर्थन का सशक्त संदेश भी दिया।
नक्सल उन्मूलन में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ
वर्ष 2024 से अब तक बीजापुर जिले में 22 सुरक्षा कैम्प स्थापित किए गए हैं। इन सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप —749 माओवादी आत्मसमर्पण, 202 माओवादी मारे गए, 1006 माओवादी गिरफ्तार किये गए हैं । साथ ही बस्तर संभाग में 210 माओवादियों ने हथियारों सहित आत्मसमर्पण किया है, जो नक्सल उन्मूलन अभियान की बड़ी रणनीतिक सफलता है । कैम्प ताड़पाला के स्थापना के बाद से अब तक क्षेत्र में 14 IED सुरक्षा बलों के द्वारा बरामद किया गया जिसे बीडी टीम के द्वारा सुरक्षित तरीके से नष्टीकरण किया गया ।
प्रशासनिक नेतृत्व एवं बहु-आयामी सहयोग
बीजापुर जिले के सुदूर व संवेदनशील क्षेत्रों में ‘‘नियद नेल्ला नार’’ योजना के अंतर्गत विकास एवं नक्सल उन्मूलन कार्यों को गति प्रदान करने हेतु वरिष्ठ अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कैंप स्थापना में निम्न अधिकारियों का मार्गदर्शन एवं सहभागिता उल्लेखनीय रही:श्री सुन्दरराज पी., पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज, श्री शालिन, महानिरीक्षक, केरिपु ऑप्स, श्री कमलोचन कश्यप, पुलिस उप महानिरीक्षक, रेंज दंतेवाड़ा, श्री बी.एस. नेगी, उप महानिरीक्षक (परि) केरिपु रेंज बीजापुर, डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव पुलिस अधीक्षक, बीजापुर, श्री कुमार मनीष कमांडेंट केरिपु 196 बटालियन, श्री नरेश पवार कमांडेंट कोबरा 205 बटालियन, श्री रविन्द्र कुमार मीणा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऑप्स, श्री अमन कुमार झा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नक्सल ऑप्स, श्री मनोज तिर्की उप पुलिस अधीक्षक, श्री सिद्धार्थ बघेल उप पुलिस अधीक्षक, अनुविभागीय अधिकारी आवापल्ली श्री तिलेश्वर यादव, श्री रोशन आहूजा उप पुलिस अधीक्षक, श्री कुलदीप सिंह डीसी ऑप्स बीजापुर, इनके निर्देशन में 04/11/2025 को तड़पाला में नवीन सुरक्षा कैंप सफलतापूर्वक स्थापित किया गया, जिससे सीमावर्ती माओवादी गतिविधियों पर अंकुश लगेगा, अभियान संचालन की क्षमता बढ़ेगी, आसपास के ग्रामीणों को सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा, PDS दुकानें, मोबाइल नेटवर्क, आंगनबाड़ी आदि बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध हो सकेंगी। कैंप की स्थापना से क्षेत्र में उत्साह और सुरक्षा की भावना बढ़ी है।
विकास की गति
वर्ष 2023–24 एवं 2024–25 में बीजापुर जिले में कुल 44 नवीन सुरक्षा कैम्प स्थापित किए जा चुके हैं। “नियद नेल्ला नार” योजना के अंतर्गत इन क्षेत्रों में —सड़क निर्माण,बिजली आपूर्ति,जल सुविधा,स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार,स्कूल/आंगनबाड़ी की स्थापना,मोबाइल नेटवर्क संचार माध्यम का सुदृढीकरण एवं अन्य जन-सुविधाओं में तीव्र प्रगति हुई है।




