छत्तीसगढ़

बेलसोंगा जलाशय के गेट सुधार से मजबूत होगी सिंचाई व्यवस्था

किसानों को समय पर मिलेगा पानी, फसल उत्पादन और आय में होगी वृद्धि

रायपुर, जशपुर जिले के बेलसोंगा जलाशय के गेट की मरम्मत से क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। जलाशय के सुचारू संचालन से किसानों को समय पर सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा, जिससे फसल उत्पादन बढ़ेगा और उनकी आय में भी सुधार होगा।
जशपुर कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने बेलसोंगा जलाशय का निरीक्षण कर इसकी वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान छत्तीसगढ़ माटीकला बोर्ड के अध्यक्ष श्री शंभूनाथ चक्रवर्ती भी उपस्थित रहे। प्राकृतिक सुंदरता से घिरे इस जलाशय के निरीक्षण के दौरान श्री चक्रवर्ती ने बताया कि जलाशय में सामान्यतः पर्याप्त जल भराव रहता है, जिससे आसपास के क्षेत्रों का भू-जल स्तर भी संतुलित बना रहता है। उन्होंने बताया कि जल प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जलाशय के गेट की मरम्मत आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि गेट की मरम्मत के लिए शीघ्र कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक कार्य प्रारंभ किया जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्र के किसानों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।
कलेक्टर ने कहा कि गेट की मरम्मत के बाद जल संरक्षण और जल प्रबंधन बेहतर होगा तथा सिंचाई व्यवस्था अधिक प्रभावी बनेगी। इससे किसानों को आवश्यकता के अनुसार समय पर पानी उपलब्ध होगा, फसलें सुरक्षित रहेंगी और कृषि उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
बेलसोंगा जलाशय के सुधार कार्य से न केवल सिंचाई क्षमता बढ़ेगी, बल्कि क्षेत्र के कृषि विकास को भी नई गति मिलेगी। यह पहल किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button