छत्तीसगढ़
तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौके पर मौत

बिलासपुर । जिले के कोटा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से 65 वर्षीय जमुना गोड़ की मौके पर ही मौत हो गई। घटना मंगलवार की है, जब वह रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने ग्राम रतखंडी आई थीं और सड़क किनारे पैदल जा रही थीं। इसी दौरान कोटा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह पहिये के नीचे आ गईं।
सूचना मिलने पर बेलगहना चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने हाईवा को जब्त कर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना से नाराज ग्रामीणों ने कुछ समय के लिए चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। बाद में प्रशासन द्वारा मृतका के परिजनों को तत्काल 25 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा के बाद स्थिति शांत हुई। पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी है।




