खेल

हरियाणा थंडर्स ने पंजाब रॉयल्स को 7–2 से हराकर की शानदार शुरुआत

नोएडा। हरियाणा थंडर्स ने प्रो रेसलिंग लीग 2026 में अपने पहले मुकाबले में दमदार प्रदर्शन करते हुए पंजाब रॉयल्स को 7–2 से करारी शिकस्त दी। शुक्रवार देर रात खेले गए इस मुकाबले में हरियाणा ने शुरुआती बढ़त बनाकर अंत तक दबदबा बनाए रखा।

 

मैच की प्लेयर ऑफ द मैच रहीं नेहा सांगवान ने 57 किग्रा महिला वर्ग में पंजाब की कप्तान रोक्साना ज़ासीना को 8–0 से मात देकर शानदार प्रदर्शन किया। वहीं, अंडर-23 वर्ल्ड चैंपियन और एशियन चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता प्रिया मलिक को 76 किग्रा महिला वर्ग में जुझारू प्रदर्शन के लिए फाइटर ऑफ द मैच चुना गया। प्रो रेसलिंग लीग 2026 का आयोजन 15 जनवरी से 1 फरवरी तक नोएडा इंडोर स्टेडियम में किया जा रहा है।

 

हरियाणा ने मुकाबले की शुरुआत शानदार अंदाज में की। 86 किग्रा वर्ग में अशिरोव अशरफ ने रोमांचक मुकाबले में टारियल गैफ्रिंडाशविली को 6–5 से हराया। हालांकि, 74 किग्रा वर्ग में पंजाब के चंद्रमोहन ने पावर मिनट का फायदा उठाते हुए परविंदर को 13–6 से हराकर स्कोर 1–1 कर दिया।

 

इसके बाद मुकाबला पूरी तरह हरियाणा के पक्ष में चला गया। नेहा सांगवान ने 57 किग्रा महिला वर्ग में रोक्साना ज़ासीना को एकतरफा अंदाज में 8–0 से हराकर हरियाणा को बढ़त दिलाई। 62 किग्रा वर्ग में दो बार की ओलंपिक पदक विजेता इरीना कोलियाडेंको ने एना गोडिनेज को 15–2 से पराजित करते हुए बढ़त को और मजबूत किया।

 

इसके बाद अंकुश चंद्रम ने चिराग छिकारा को 5–2 से हराया, जबकि 65 किग्रा वर्ग में तुमुर ओचिर तुल्गा ने इस्लाम गुसेनोव को 15–0 से तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर मात दी।

 

76 किग्रा महिला वर्ग का मुकाबला सबसे ज्यादा रोमांचक रहा, जहां प्रिया मलिक और काजल ढोच्छक के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। मुकाबला 2–2 की बराबरी पर रहा, लेकिन अंतिम अंक के आधार पर काजल ने जीत दर्ज कर हरियाणा को 6–1 की बढ़त दिलाई। पंजाब के लिए दिनेश धनखड़ ने हेवीवेट वर्ग में अनिरुद्ध गुलिया को 7–3 से हराकर स्कोर 6–2 किया।

 

दिन के आखिरी मुकाबले में हरियाणा की युई सुसाकी और पंजाब की हंशिका लांबा आमने-सामने थीं। यह मुकाबला फॉरफिट के जरिए ओलंपिक चैंपियन और चार बार की विश्व चैंपियन सुसाकी के नाम रहा, जिससे हरियाणा थंडर्स ने 7–2 से शानदार जीत दर्ज की।

 

लीग के तीसरे दिन आज डबल हेडर होंगे, जिसमें पहला मुकाबला शाम 6:30 बजे टाइगर्स ऑफ मुंबई बनाम यूपी डोमिनेटर्स और दूसरा मुकाबला रात 8:00 बजे दिल्ली दंगल वॉरियर्स बनाम हरियाणा थंडर्स के बीच खेला जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button